मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अनूपपुर में अपनी सरकार में मंत्री बिसाहूलाल सिंह का एहसान मानते हुए कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री बनाने में इनका बड़ा योगदान रहा है। इतने मेच्योर, सीनियर और पांच बार के विधायक बिसाहूलाल सिंह ने उनसे कहा कि इस सरकार को हटाना है और इस्तीफा देकर बाहर आ गए। शिवराज ने कहा कि इनके अंदर कोई स्वार्थ नहीं है, न इन्होंने कभी कुछ मांगा।
शिवराज सिंह चौहान अनूपपुर विधानसभा के खूंटाटोला में मंत्री बिसाहूलाल सिंह के पक्ष में सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा- अगर आज मैं मुख्यमंत्री हूं तो इसमें बिसाहूलाल सिंह का बड़ा योगदान है। उनके इस्तीफे की वजह से ही मुख्यमंत्री बना। वरना मैं आज मुख्यमंत्री नहीं होता। उन्होंने ही कहा कि अब मुझे कांग्रेस में नहीं रहना है। उन्होंने विकास का कोई काम नहीं किया।
मुख्यमंत्री शिवराज ने अनूपपुर में दूसरी सभा फुनगा में करते हुए कहा- कल एक नेता दिल्ली से आए और कहते हैं शिवराज कमीने हैं। एक कांग्रेस नेता कहते हैं कि मैं नंगा हूं। चौथी बार जो मुख्यमंत्री है, उसे नालायक, कमीना, भूखा नंगा कहा जा रहा है। कमलनाथ तुम्हें धन का घमंड होगा, लेकिन यह जनता घमंड सहन नहीं करेगी। इसे चूर-चूर कर देगी।